Home

जमीन के लिए मां की हत्या! दो बेटों ने गला घोंटकर मार डाला, शव जलाने की भी कोशिश

80 वर्षीय गंगामनी महतो की हत्या के आरोप में रवि और दुर्योधन गिरफ्तार, जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर नहीं करने को लेकर हुआ था विवाद

पूर्वी सिंहभूम, 25 नवंबर। पूर्वी सिंहभूम जिले के एमजीएम थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर दो बेटों पर अपनी 80 वर्षीय मां की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से आरोपितों ने शव जलाने की भी कोशिश की। पुलिस ने मामले में दोनों आरोपित बेटों रवि महतो और दुर्योधन महतो को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना बड़ाबांकी पंचायत के बांधडीह टोला की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन का विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, गंगामनी महतो ने दो शादियां की थीं। दोनों पतियों से उनका एक-एक बेटा है। बताया जाता है कि वह पहले भी अपनी कई जमीनें बेच चुकी थीं। बची हुई जमीन पर दोनों बेटों की नजर थी और वे उसे अपने कब्जे में लेकर बेचने की तैयारी कर रहे थे।

जमीन के कागजात पर हस्ताक्षर नहीं करने से बढ़ा विवाद

बताया जाता है कि जमीन बेचने के लिए मां के हस्ताक्षर की जरूरत थी, लेकिन गंगामनी महतो इसके लिए तैयार नहीं थीं। इसी बात को लेकर सोमवार शाम घर में मां और बेटों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद रात में दोनों भाइयों ने मिलकर गंगामनी महतो की गला घोंटकर हत्या कर दी।

साक्ष्य मिटाने के लिए शव जलाने की कोशिश

हत्या के बाद दोनों आरोपितों ने वारदात छिपाने के लिए शव जलाने का प्रयास किया। मंगलवार सुबह ग्राम प्रधान को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल एमजीएम थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस ने दोनों बेटों को किया गिरफ्तार

एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास ने बुधवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद हत्या की वजह सामने आया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ की है। थाना प्रभारी के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपित पूर्व में भी मारपीट के मामले में जेल जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *