खेत में मिला मृत जंगली हाथी, वन विभाग कर रहा जांच
सारायकेला-खरसावां: जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत हेवन गांव में बुधवार सुबह एक जंगली हाथी मृत अवस्था में पाया गया. ग्रामीण जब सुबह खेत की ओर गए, तो उन्होंने खेत में पड़े एक हाथी के शव को देखा. इसकी सूचना उन्होंने तुरंत जनप्रतिनिधियों, पुलिस और वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
हाथी की मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. वन विभाग ने पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम को बुलाया है, जो पोस्टमार्टम के जरिए मौत की असली वजह जानने में जुटी है. अधिकारियों के अनुसार, हेवन गांव के आसपास के इलाके में पिछले कुछ दिनों से तीन जंगली हाथियों की गतिविधियां देखी जा रही थीं. अब उनमें से एक की मौत हो चुकी है, जबकि शेष दो हाथियों पर वन विभाग की नजर बनी हुई है, ताकि किसी और अनहोनी को टाला जा सके.
गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले 5 जून को इसी क्षेत्र के आमडाबेड़ा गांव में भी एक हाथी की रहस्यमय तरीके से मौत हो गई थी. लगातार हाथियों की हो रही मौतों से वन्य जीव संरक्षण को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं.
वन विभाग ने बताया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों ने यह भी कहा कि हाथियों जैसे संरक्षित वन्य जीवों की मौत केवल वन्यजीव संरक्षण के लिए ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और जैव विविधता के संतुलन के लिए भी चिंता का विषय है. साथ ही, लोगों से अपील की गई है कि हाथियों की गतिविधियों की जानकारी तुरंत विभाग को दें.
