Home

एमएमसीएच के प्राचार्य के खिलाफ जूनियर डॉक्टरों का हंगामा, हटाने की मांग पर अड़े

पलामू: मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में दो छात्रों के निलंबन के विरोध में जूनियर डॉक्टरों ने बुधवार को हड़ताल शुरू कर दी. प्राचार्य डॉ. पीएन महतो के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए डॉक्टर सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया. सदर अस्पताल, पलामू में दोपहर 12 बजे से डॉक्टरों ने धरना देना शुरू किया और अस्पताल अधीक्षक कार्यालय का घेराव किया.

जूनियर डॉक्टरों ने “प्राचार्य को हटाओ – करियर बचाओ”, “कॉलेज को बचाना है” जैसे नारे लगाते हुए प्राचार्य को तत्काल हटाने की मांग की. इस आंदोलन के चलते अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं. पूरे मेडिकल कॉलेज में तनाव का माहौल बन गया है.

डॉक्टरों का आरोप है कि कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है. जब छात्र इसकी शिकायत करते हैं, तो प्राचार्य की ओर से उन्हें धमकी दी जाती है. आंदोलन कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि दो छात्रों को बिना उचित कारण के एक महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है. साथ ही, छात्रों को करियर बर्बाद कर देने की धमकियां भी दी जाती हैं.

जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि प्राचार्य अक्सर कहते हैं कि यह सरकारी कॉलेज है और यहां कोई सुविधा नहीं मिलेगी, छात्रों को जैसे-तैसे पढ़ाई करनी होगी. अगर कोई अपनी आवाज उठाता है, तो उसे निलंबन या अनुशासनात्मक कार्रवाई का डर दिखाया जाता है.

स्थिति को संभालने के लिए अस्पताल अधीक्षक डॉ. अजय कुमार और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉक्टरों से वार्ता की कोशिश की. वहीं, पुलिस बल की तैनाती भी की गई है. जूनियर डॉक्टरों ने स्पष्ट किया है कि जब तक प्राचार्य को नहीं हटाया जाएगा, वे आंदोलन जारी रखेंगे और वार्ता के लिए उपायुक्त और प्राचार्य को बुलाने की मांग कर रहे हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *