खूंटी

पीएलएफआई के नाम पर लेवी मांगने के आरोप में दो गिरफ्तार, कट्टा और कारतूस बरामद

खूंटी। प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर ठेकेदारों से लेवी मांगने और धमकी देने के आरोप में खूंटी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, पीएलएफआई के तीन पर्चे, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रनिया थाना क्षेत्र के केलो निवासी 24 वर्षीय संजू मांझी और अंकुश बागे उर्फ दोनदो के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 नवंबर को तपकरा थाना क्षेत्र के कमड़ा मोड़ के पास निर्माणाधीन आवासीय विद्यालय और 15 नवंबर को आनंदपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही वीकेएस कंपनी के कार्यस्थल पर पीएलएफआई के पर्चे फेंककर लेवी की मांग की गई थी।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई थी टीम

मामले की जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम तपकरा, रनिया और आनंदपुर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी कर रही थी।

इसी दौरान 21 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली कि तीन व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल से जयपुर से कोलेबो होते हुए रनिया की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी की और दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी में मिले पीएलएफआई के तीन पर्चे

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की तलाशी लेने पर उनके पास से देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पीएलएफआई के तीन पर्चे बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने तपकरा थाना कांड संख्या 10/26 और आनंदपुर थाना कांड संख्या 20/26 में भी संलिप्तता स्वीकार की है।

एसपी ने बताया कि दोनों आरोपितों को अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।

छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी थे शामिल

कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ विजय कुमार सिंह, मनोहरपुर अंचल के पुलिस निरीक्षक अमित रोशन कुल्लू, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार, आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस, तपकरा थाना के एएसआई और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *