पूर्वी सिहंभूमि

टाटा स्टील अंतर-विभागीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में एनआईएनएल और ओएमक्यू बने चैंपियन, 160 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा

Jamshedpur Sports News: जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के मोहन आहूजा स्टेडियम में टूर्नामेंट का समापन, 36 इकाइयों के खिलाड़ियों के बीच हुए करीब 250 मुकाबले

जमशेदपुर: टाटा स्टील के अंतर-विभागीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में एनआईएनएल और ओएमक्यू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला और पुरुष टीम वर्ग का खिताब अपने नाम किया। जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित मोहन आहूजा स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता का शनिवार को रोमांचक मुकाबलों के साथ समापन हुआ।

टाटा स्टील के खेल विभाग की ओर से आयोजित इस टूर्नामेंट में कंपनी की 36 इकाइयों के कुल 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पांच अलग-अलग वर्गों में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान करीब 250 मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

महिला वर्ग में एनआईएनएल ने मारी बाजी

महिला टीम स्पर्धा में एनआईएनएल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। एईएम की टीम उपविजेता रही, जबकि टीएसके को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।

एनआईएनएल के खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग में ओएमक्यू बना विजेता

पुरुष टीम स्पर्धा में ओएमक्यू की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इस वर्ग में एईएम की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि ईएंडपी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित

टूर्नामेंट के समापन समारोह में टाटा स्टील के एएफ ब्लास्ट फर्नेस के चीफ बसंत कुमार सिंह और स्पोर्ट्स के चीफ मुकुल विनायक चौधरी उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की।

उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की प्रशंसा करते हुए इस तरह के आयोजनों को कर्मचारियों के बीच खेल संस्कृति और आपसी तालमेल को बढ़ावा देने वाला बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *