चतरा: AK-47 की 83 जिंदा गोलियों के साथ युवक गिरफ्तार, TSPC से संबंध का शक
चतरा, 6 अगस्त। पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत खंधार गांव में मंगलवार की रात पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से AK-47 राइफल की 7.62 एमएम की 83 जिंदा गोलियां बरामद की गईं। गिरफ्तार युवक की पहचान मनोज तिग्गा (33 वर्ष), पिता लिबनुस तिग्गा, निवासी खंधार, पोस्ट बहेरा, थाना पिपरवार, जिला चतरा के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन TSPC (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) से जुड़ा मनोज तिग्गा अपने घर में अवैध हथियार और गोलियां छिपाकर रखा है। इस सूचना के आधार पर एसडीपीओ टंडवा प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एक छापेमारी दल गठित किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मनोज तिग्गा को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर AK-47 की गोलियां बरामद कीं। प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने बताया कि ये गोलियां उसे TSPC उग्रवादियों से मिली थीं और संभवतः किसी बड़ी वारदात की योजना का हिस्सा थीं।
इस संबंध में पिपरवार थाना कांड संख्या 23/2025 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराएं 25(1-A), 25(1-B)(a), 26, 35 एवं CLA एक्ट की धारा 17(i)(ii) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और अन्य संभावित संदिग्धों की तलाश जारी है।
