झारखंड

Jharkhand Roller Skating Championship: 16वीं झारखंड राज्य रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

रांची। 16वीं झारखंड राज्य रोलर स्केटिंग, स्केटबोर्डिंग एवं आर्टिस्टिक चैंपियनशिप का भव्य उद्घाटन शनिवार को किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आईएएस अधिकारी छवि रंजन और जिला खेल पदाधिकारी (DSO) मौजूद रहे। दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ प्रतियोगिता की शुरुआत

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि, खेल निदेशक, जिला खेल पदाधिकारी और झारखंड रोलर स्केटिंग संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर किया गया।

समारोह में संघ के अध्यक्ष विकास सिंह, अभिषेक राठौर और सचिव सुमित शर्मा सहित संघ के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। विशिष्ट पदाधिकारियों में जयप्रकाश गुप्ता, अमितलव्य और दीपेन्द्र कुमार समेत अन्य सदस्य शामिल रहे।

खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला

उद्घाटन के अवसर पर खेल निदेशक और मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने राज्य में रोलर स्केटिंग और स्केटबोर्डिंग जैसे खेलों के लगातार विस्तार और विकास की सराहना की।

अतिथियों ने खिलाड़ियों के जोश और ऊर्जा की प्रशंसा करते हुए झारखंड रोलर स्केटिंग संघ के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।

राज्यभर से पहुंचे स्केटर्स

चैंपियनशिप के विभिन्न वर्गों में झारखंड के अलग-अलग जिलों से पहुंचे स्केटर्स अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। रोलर स्केटिंग, स्केटबोर्डिंग और आर्टिस्टिक स्केटिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है।

आयोजकों के अनुसार, शनिवार को आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं के आधिकारिक परिणामों की परिणाम तालिका रविवार सुबह जारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *