रांची

Jharkhand School Idol 2026: झारखंड स्कूल आइडल-2026 का भव्य समापन, शिवांश, सौम्या, साक्षी और अमन बने चैंपियन

रांची। झारखंड में पहली बार राज्यस्तर पर आयोजित झारखंड स्कूल आइडल-2026 : ‘सुर और ताल संग्राम’ का भव्य समापन शनिवार को रांची के ऑड्रे हाउस में हुआ। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित स्कूली विद्यार्थियों ने गायन और नृत्य में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता की चारों श्रेणियों में प्रथम पांच स्थान हासिल करने वाले कुल 20 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। जूनियर एकल गायन में चतरा के शिवांश त्रिवेदी, जूनियर एकल नृत्य में पाकुड़ की सौम्या सिन्हा, सीनियर एकल गायन में गिरिडीह की साक्षी रानी और सीनियर एकल नृत्य में रांची के अमन कुमार राज ने प्रथम स्थान हासिल किया।

पहली बार राज्यस्तर पर मिला स्कूली प्रतिभाओं को मंच

झारखंड स्कूल आइडल को दो आयु वर्गों में आयोजित किया गया था। जूनियर वर्ग में कक्षा 6 से 8 और सीनियर वर्ग में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। दोनों वर्गों में एकल गायन और एकल नृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक शशि रंजन मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र, रांची के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कुमार संजय झा और पद्मश्री सम्मानित प्रसिद्ध लोक कलाकार मधु मंसूरी हंसमुख शामिल रहे।

कार्यक्रम में अतिथियों और निर्णायक मंडल के सदस्यों को राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने पुष्पगुच्छ, पौधा, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

चारों श्रेणियों के प्रथम विजेता

  • जूनियर एकल गायन: शिवांश त्रिवेदी, चतरा
  • जूनियर एकल नृत्य: सौम्या सिन्हा, पाकुड़
  • सीनियर एकल गायन: साक्षी रानी, गिरिडीह
  • सीनियर एकल नृत्य: अमन कुमार राज, रांची

जूनियर एकल गायन में शिवांश अव्वल

जूनियर वर्ग की एकल गायन प्रतियोगिता में चतरा के शिवांश त्रिवेदी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रांची की खुशी कुमारी दूसरे, लोहरदगा की अर्चना कुमारी तीसरे, रामगढ़ के प्रथम वशिष्ठ चौथे और हजारीबाग के पीयूष रंजन पांचवें स्थान पर रहे।

जूनियर एकल नृत्य में सौम्या सिन्हा प्रथम

जूनियर एकल नृत्य में पाकुड़ की सौम्या सिन्हा ने बाजी मारी। रामगढ़ की काव्या वर्मा दूसरे, पूर्वी सिंहभूम की मधुमिता राणा तीसरे, धनबाद की संध्या कुमारी चौथे और पलामू की सृजिता कुमारी पांचवें स्थान पर रहीं।

सीनियर एकल गायन में साक्षी रानी विजेता

सीनियर वर्ग की एकल गायन प्रतियोगिता में गिरिडीह की साक्षी रानी प्रथम रहीं। देवघर की अनन्या भारद्वाज ने दूसरा, देवघर के नारायण ने तीसरा, पूर्वी सिंहभूम के अर्नव भारद्वाज ने चौथा और रांची के स्वस्तिक मिश्रा ने पांचवां स्थान हासिल किया।

सीनियर एकल नृत्य में अमन कुमार राज ने जीता पहला स्थान

सीनियर वर्ग की एकल नृत्य प्रतियोगिता में रांची के अमन कुमार राज विजेता बने। बोकारो की संजू झरियात दूसरे, देवघर की अंजलि प्रियदर्शनी तीसरे, पश्चिमी सिंहभूम की श्रेयोशी गोस्वामी चौथे और लोहरदगा की सोनम कुमारी पांचवें स्थान पर रहीं।

विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार

चारों श्रेणियों में प्रथम पांच स्थान हासिल करने वाले सभी 20 प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को 15 हजार रुपये, द्वितीय को 10 हजार रुपये, तृतीय को 5 हजार रुपये तथा चतुर्थ और पंचम स्थान प्राप्त करने वालों को 2,500-2,500 रुपये दिए गए।

प्रतिष्ठित कलाकारों ने किया प्रतिभागियों का मूल्यांकन

ग्रैंड फिनाले में गायन और नृत्य के प्रतिभागियों का मूल्यांकन कला एवं मनोरंजन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने किया। गायन विधा के निर्णायक मंडल में जी म्यूजिक के संगीत निर्माता असलम खान, पार्श्व गायिका ममता रावत और जी बांग्ला गायन प्रतियोगिता की विजेता दोयेल गोस्वामी शामिल थीं।

नृत्य विधा में प्रसिद्ध नृत्यांगना अलीशा सिंह, झारखंड की अभिनेत्री प्रिया वर्मा, हिप-हॉप इंडिया के विजेता राहुल भगत और शास्त्रीय नृत्यांगना गार्गी मलकानी ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।

आने वाले वर्षों में और बेहतर होगा आयोजन

समापन समारोह को संबोधित करते हुए परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के बच्चों को पढ़ाई के साथ कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि आयोजन के प्रथम वर्ष में जो कमियां रह गई हैं, उन्हें आगामी वर्षों में दूर कर प्रतियोगिता को और बेहतर बनाया जाएगा।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य राज्य के प्रत्येक जिले में छिपी प्रतिभाओं को सामने लाना और बच्चों को अपनी कला के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर देना है।

कार्यक्रम का मंच संचालन चंद्रदेव सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में भारतीय लोक कल्याण संस्थान का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्थान ने तकनीकी सहयोग और समन्वय के माध्यम से कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग किया।

झारखंड स्कूल आइडल-2026 के सभी विजेताओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग और राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *