Jharkhand Hockey: नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में झारखंड, 19 अक्टूबर को खिताबी मुकाबला
आरती कुमारी के निर्णायक गोल से सेमीफाइनल में मिली जीत, ग्वालियर को 1-0 से हराया; कप्तान मनीषा मांझी के नेतृत्व में टीम का शानदार प्रदर्शन
रांची: झारखंड की बेटियों ने 32वें चरणजीत राय नेहरू गर्ल्स हॉकी टूर्नामेंट (अंडर-17) के फाइनल में जगह बना ली है। दिल्ली के शिवाजी स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में सीएम एक्सीलेंस गर्ल्स स्कूल, सिमडेगा की टीम ने किड्डीज कॉर्नर हायर सेकेंडरी स्कूल, ग्वालियर को 1-0 से हराया। झारखंड की ओर से आरती कुमारी ने निर्णायक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
आरती कुमारी के गोल से मिली जीत
झारखंड की टीम ने सेमीफाइनल में बेहतरीन तालमेल और अनुशासित खेल का प्रदर्शन किया। कप्तान मनीषा मांझी के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने ग्वालियर की टीम को कड़ी चुनौती दी। मुकाबले में आरती कुमारी का गोल निर्णायक साबित हुआ और झारखंड ने 1-0 से जीत दर्ज कर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल कर लिया।
आरती कुमारी को फ्लैश हॉकी की ओर से जेएनएचटीएस की महासचिव गुंजन वालिया ने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
19 अक्टूबर को सोनीपत की टीम से होगा फाइनल
झारखंड का फाइनल मुकाबला 19 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2:30 बजे डायरेक्टरेट जनरल, एनसीसी, सोनीपत की टीम से होगा। सेमीफाइनल में जीत के बाद झारखंड की टीम की निगाहें अब खिताब पर हैं। खिलाड़ी फाइनल में भी शानदार प्रदर्शन कर राज्य को चैंपियन बनाने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।
कोच और मैनेजर भी टीम के साथ
प्रतियोगिता में झारखंड की टीम के साथ कोच अभिषेक साहू और आरती बड़ाईक, मैनेजर एमा बारा तथा फिजियोथेरेपिस्ट निशु डुड्डी मौजूद हैं।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि फाइनल में पहुंचना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि टीम फाइनल में भी इसी जज्बे के साथ खेलकर झारखंड को खिताबी सफलता दिलाएगी।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् के राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने भी टीम को इस उपलब्धि पर बधाई दी और फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं देते हुए खिताब जीतने की उम्मीद जताई।
