खेल

मेजर ध्यानचंद हॉकी चैंपियनशिप के 13वें दिन छह मुकाबले

अब तक 112 मैच पूरे, 16 मुकाबले शेष; पैंक्रेसियस टोप्पो के 72वें जन्मदिन पर खिलाड़ियों ने दी बधाई

सिमडेगा, संवाददाता। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त से अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम एवं एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में आयोजित 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 के 13वें दिन पुरुष वर्ग के छह मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता का आयोजन हॉकी झारखंड के मार्गदर्शन में हॉकी सिमडेगा एवं खेल विभाग, सिमडेगा के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।

13वें दिन के मुकाबलों के बाद प्रतियोगिता में अब तक पुरुष वर्ग के 74 और महिला वर्ग के 38 मैच सहित कुल 112 मुकाबले खेले जा चुके हैं। कुल 128 मैचों वाली प्रतियोगिता में अब 16 मुकाबले शेष हैं।

13वें दिन के परिणाम

आदिवासी हॉस्टल ए ने संत अन्ना सामटोली को 7-0 से हराया। केवीएस सिमडेगा ए ने डे बोर्डिंग टेंशर को 2-1 से पराजित किया। लिटिल टाइगर सिमडेगा ने सीडीजे ब्रदर को 13-0 से शिकस्त दी। बनाबीरा ने केवीएस सिमडेगा बी को 4-0 से हराया।

मास्टर ब्रदर्स ने गोंडवाना क्लब सलडेगा को 6-0 से पराजित किया, जबकि बोर्डिंग टेंशर ने क्रूसकेला एफसी को 3-0 से हराया। सभी विजेता टीमों को तीन-तीन अंक मिले।

पैंक्रेसियस टोप्पो के जन्मदिन पर खिलाड़ियों ने दी बधाई

मैचों की शुरुआत से पहले हॉकी सिमडेगा के वरिष्ठ पदाधिकारी सह तकनीकी प्रमुख पैंक्रेसियस टोप्पो के 72वें जन्मदिन के अवसर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में पुरुष खिलाड़ियों ने हॉकी स्टिक उठाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद मुकाबलों की शुरुआत हुई।

विभिन्न मैचों से पहले उम्लेन समद, फादर फ्रलिक्स, कोच चंद्रशेखर मुंडा सहित अन्य पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों का शुभारंभ कराया।

दिन के मैचों के समापन के बाद एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों ने सामूहिक रूप से केक काटकर पैंक्रेसियस टोप्पो के साथ प्रशिक्षु हॉकी खिलाड़ी राजमुनी कुमारी और रीमा कुमारी का भी जन्मदिन मनाया।

एक दशक तक निःशुल्क प्रशिक्षण देकर तैयार किए खिलाड़ी

पैंक्रेसियस टोप्पो पिछले कई दशकों से हॉकी के प्रति समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लचरागढ़ स्थित आवासीय हॉकी प्रशिक्षण केंद्र में करीब 10 वर्षों तक स्वयंसेवक के रूप में खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया। उनके प्रशिक्षण से कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने झारखंड और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई तथा विभिन्न संस्थानों में रोजगार भी हासिल किया।

हॉकी सिमडेगा के कार्यक्रमों में वह आज भी सुबह से शाम तक सक्रिय रूप से मैदान में मौजूद रहते हैं। 72 वर्ष की उम्र पूरी करने के बावजूद हॉकी के प्रति उनका उत्साह और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।

हॉकी झारखंड के महासचिव मनोज कोनबेगी ने पैंक्रेसियस टोप्पो को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हॉकी के लिए उनके लंबे समय के समर्पण से सभी को प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ऐसे समर्पित व्यक्तित्व हॉकी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर हॉकी सिमडेगा के सुनील तिर्की, कमलेश्वर मांझी, कोच तारिणी कुमारी, करिश्मा परवार, कुनुल भेंगरा, कुंती कुमारी, नेहा कुमारी, रोहित बेसरा, फ्लेबियूस तिर्की, बिनोद कुल्लू, राहुल मिंज सहित अन्य पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों, खिलाड़ियों एवं खेलप्रेमियों ने पैंक्रेसियस टोप्पो को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *