झारखंड स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप में रांची ओवरऑल चैंपियन
रातू, 30 अगस्त। रांची जिला फेंसिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में दलादिली स्थित आइडियल एकेडमी ऑफ नर्सिंग एजुकेशन के सभागार में आयोजित तीन दिवसीय झारखंड स्टेट फेंसिंग चैंपियनशिप का रविवार को समापन हुआ। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
चैंपियनशिप में फेंसिंग के तीनों प्रारूपों फॉयल, एपी और सेबर में मुकाबले आयोजित किए गए। खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में रांची जिले की टीम ने सर्वाधिक बेहतर प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। रामगढ़ की टीम दूसरे और लोहरदगा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
समापन समारोह में झारखंड स्टेट फेंसिंग एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप सिंह और आइडियल एकेडमी ऑफ नर्सिंग एजुकेशन के प्रबंधक प्रणय कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
इस अवसर पर झारखंड फेंसिंग एसोसिएशन के सचिव जय कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष दिनेश सिंह, कोषाध्यक्ष वीर कर्मवीर उरांव और तकनीकी निदेशक रामाशीष सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। आयोजकों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी अधिकारियों के प्रति आभार जताया।
