खेल

गांव से शहर तक खेलों से गुलजार रहे विद्यालय, राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान का समापन

रांची, 30 अगस्त। “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” और “एक घंटा खेल के मैदान में” थीम के साथ झारखंड के विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस अभियान का शनिवार को सफल समापन हुआ। गांवों के छोटे विद्यालयों से लेकर शहरों के बड़े स्कूलों तक खेल, फिटनेस और उत्साह का माहौल रहा। अभियान में राज्यभर के सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के लाखों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देश पर आयोजित अभियान के दौरान विद्यालयों में विभिन्न खेल गतिविधियों और फिटनेस कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अलग-अलग आयु वर्गों के अनुरूप खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ खेल शपथ, मार्च पास्ट, फिटनेस गतिविधियां और विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। अंतिम दिन ‘संडे ऑन साइकिल’ के तहत साइकिल रैली और दौड़ का आयोजन कर अभियान को विशेष रूप से यादगार बनाया गया।

शिक्षकों ने भी मैदान में दिखाया उत्साह

अभियान की खास बात विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही। शिक्षकों ने बच्चों के साथ खेल गतिविधियों में हिस्सा लिया और छात्र-शिक्षक मैत्री मुकाबलों में भी भागीदारी की। इससे विद्यालयों में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने और खेल संस्कृति को मजबूत करने में मदद मिली।

शिक्षा विभाग के अनुसार, वर्तमान समय में बच्चे और युवा डिजिटल माध्यमों तथा मोबाइल पर अधिक समय बिता रहे हैं। ऐसे में उन्हें खेल के मैदान से जोड़ना शारीरिक सक्रियता के साथ मानसिक मजबूती, अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।

तीन दिवसीय अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच खेल एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। विभाग ने उम्मीद जताई कि अभियान के बाद भी विद्यालयों में नियमित खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और बच्चों की खेलों में भागीदारी निरंतर जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *