झारखंड के 35 हजार से अधिक स्कूलों में खेल उत्सव का आगाज, लाखों बच्चों ने दिया ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ का संदेश
राष्ट्रीय खेल दिवस पर विद्यालयों में पुश-अप, स्किपिंग, योग, मार्शल आर्ट और विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन
रांची, 27 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को झारखंड के सभी 24 जिलों में खेल उत्सव का आगाज हुआ। राज्य के 35 हजार से अधिक सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर विभिन्न खेल एवं फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर उच्च कक्षाओं के लाखों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन विद्यालय परिसर खेल और फिटनेस गतिविधियों से गुलजार रहे। विद्यार्थियों ने ‘ऊर्जावान 29 चैलेंज’ के तहत पुश-अप, स्किपिंग और प्लैंक जैसी गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपनी शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन किया।
इसके अलावा ‘पास द बॉल’ और ‘स्पोर्ट्स बंधन’ जैसी सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्लोगन एवं नारा लेखन तथा निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
विद्यालयों में योग, मास पीटी, मार्शल आर्ट, रस्साकशी और तीरंदाजी समेत विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों का प्रदर्शन भी हुआ। शिक्षकों और शारीरिक शिक्षा शिक्षकों के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने इन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
खेल के साथ स्वस्थ जीवनशैली का संदेश
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल प्रतियोगी खेलों से जोड़ना नहीं, बल्कि उनमें नियमित शारीरिक गतिविधि, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करना भी है। विद्यालयों में आयोजित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को खेलों के महत्व और सर्वांगीण विकास में उनकी भूमिका का संदेश दिया गया।
राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विभिन्न आयोजन होंगे, जबकि 30 अगस्त को ‘Sundays on Cycle’ के तहत फिटनेस केंद्रित गतिविधियां प्रस्तावित हैं।
पहले दिन राज्य के सभी 24 जिलों में बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संकल्प को मजबूती दी।
