कोलकाता ओपन कराटे चैंपियनशिप में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे अंजली और प्रणीत
30 अगस्त को साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल में होगी प्रतियोगिता, पदक की उम्मीद
रांची, 27 अगस्त 2026। कोलकाता के साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल में 30 अगस्त को आयोजित होने वाली कोलकाता ओपन चैंपियंस ट्रॉफी में झारखंड के दो कराटे खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड के खिलाड़ी प्रणीत मोहक मिंज और अंजली कुमारी प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रणीत मोहक मिंज 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग में काता तथा 10 वर्ष आयु वर्ग के कुमिते में हिस्सा लेंगे। वहीं बालिका वर्ग में अंजली कुमारी 15 वर्ष आयु वर्ग में काता तथा 40 किलोग्राम से कम भार वर्ग के कुमिते मुकाबले में उतरेंगी।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन 30 अगस्त को सुबह 10 बजे होगा। कार्यक्रम में कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन के ट्राइबल एंड माइनॉरिटी कमिशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
विशेष प्रशिक्षण से तैयार हुए खिलाड़ी
रेंशी सुनील किस्पोट्टा ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों की प्रतियोगिता को लेकर पिछले कई दिनों से विशेष तैयारी कराई जा रही है। इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के अध्यक्ष संसाइ अनिल किस्पोट्टा और राकेश तिर्की ने खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण देकर प्रतियोगिता के लिए तैयार किया है।
उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और झारखंड के लिए पदक जीतने की पूरी संभावना है।
झारखंड की टीम 29 अगस्त को वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता के लिए रवाना होगी। प्रतियोगिता में राज्य के खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर खेलप्रेमियों की नजर रहेगी।
