सुब्रतो कप में झारखंड की बेटियों का परचम, NCC को 2-0 से हराकर जीता खिताब
सेंट पैट्रिक हाई स्कूल गुमला की टीम ने रचा इतिहास, कप्तान वीणा कुमारी की अगुवाई में बनी चैंपियन
रांची, 27 अगस्त 2026। झारखंड की बेटियों ने 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 जूनियर गर्ल्स वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया। नई दिल्ली के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रही सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला की टीम ने NCC की प्रतिनिधि स्प्रिंगफील्ड एचएस स्कूल, आइजोल को 2-0 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
फाइनल में झारखंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। 21वें मिनट में जर्सी नंबर-8 सुनैना टुड्डू ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद 42वें मिनट में जर्सी नंबर-12 मनीषा डुंग ने दूसरा गोल दागकर झारखंड की बढ़त 2-0 कर दी। इसके बाद झारखंड की खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षापंक्ति के साथ विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन
कप्तान वीणा कुमारी की अगुवाई में झारखंड की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। टीम की इस सफलता में मैनेजर बिंदु कुजूर और कोच बीना केरकेट्टा का मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा।
फाइनल में जीत के साथ ही सेंट पैट्रिक हाई स्कूल, गुमला की टीम ने झारखंड के स्कूली फुटबॉल को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि से राज्य के खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है।
21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का मिला लाभ
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। चयनित खिलाड़ियों के कौशल विकास के लिए 21 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किए जाते हैं।
इस ऐतिहासिक सफलता पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी मनोज कुमार, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग सहित खेल कोषांग के पदाधिकारियों ने विजेता टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
