रांची

आर्मी पब्लिक स्कूल रांची में ईस्टर्न कमांड इंटर-एपीएस वॉलीबॉल टूर्नामेंट का आगाज, फाइनल में रांची और नारंगी आमने-सामने

रांची, 20 अगस्त । आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) रांची में ईस्टर्न कमांड इंटर-एपीएस कमांड लेवल वॉलीबॉल (बालिका) टूर्नामेंट-2026 का गुरुवार को उत्साह और उमंग के साथ शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 20 और 21 अगस्त को किया जा रहा है। टूर्नामेंट में ईस्टर्न कमांड के विभिन्न क्लस्टरों से पांच स्कूलों की बालिका टीमों ने हिस्सा लिया है।

प्रतियोगिता में आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी, आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी, आर्मी पब्लिक स्कूल टेंगा वैली, आर्मी पब्लिक स्कूल कलिंपोंग और आर्मी पब्लिक स्कूल रांची की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 50 खिलाड़ी और आठ एस्कॉर्ट शिक्षक शामिल हैं।

खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता : संगीता मान

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि श्रीमती संगीता मान, चेयरपर्सन (FWO Cockerel Division) उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और स्वागत गीत से हुई।

मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

बेंगदुबी ने टेंगा वैली को 2-1 से हराया

प्रतियोगिता के पहले दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। पहले मैच में आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी ने आर्मी पब्लिक स्कूल टेंगा वैली को 2-1 से पराजित किया। मुकाबले का स्कोर 25-16, 20-25 और 15-09 रहा।

दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

नारंगी ने कलिंपोंग को सीधे सेटों में हराया

सेमीफाइनल-1 में आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी ने आर्मी पब्लिक स्कूल कलिंपोंग को 2-0 से शिकस्त देकर फाइनल में जगह बनाई। नारंगी ने दोनों सेट 25-12 और 25-16 से अपने नाम किए।

नारंगी की खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतरीन तालमेल और प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया।

रांची ने बेंगदुबी को 2-0 से दी मात

सेमीफाइनल-2 में मेजबान आर्मी पब्लिक स्कूल रांची ने आर्मी पब्लिक स्कूल बेंगदुबी को 2-0 से पराजित किया। रांची ने पहला सेट 25-11 और दूसरा सेट 25-10 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।

मेजबान टीम के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में आक्रामक खेल के साथ शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया।

21 अगस्त को रांची और नारंगी के बीच फाइनल

पहले दिन के मुकाबलों के बाद आर्मी पब्लिक स्कूल नारंगी और आर्मी पब्लिक स्कूल रांची ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबला 21 अगस्त को खेला जाएगा। फाइनल के बाद ईस्टर्न कमांड की सर्वश्रेष्ठ बालिका वॉलीबॉल टीम का फैसला होगा।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अभय कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों और एस्कॉर्ट शिक्षकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व देता है। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, समर्पण और प्रदर्शन की सराहना करते हुए फाइनल में पहुंची दोनों टीमों को शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *