Home

रांची में JPSC-JSSC धांधली के खिलाफ आंदोलन तेज: सदर अस्पताल से राहुल कुमार क्रांति ने दी हुंकार, 10 अगस्त को विधानसभा घेराव की अपील

रांची: झारखंड में JPSC और JSSC समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान अनशन पर बैठे छात्र नेता राहुल कुमार क्रांति ने शनिवार को राज्यभर के छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के नाम एक भावुक व कड़ा संदेश जारी किया। उन्होंने आगामी 10 अगस्त को प्रस्तावित झारखंड विधानसभा घेराव सह प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

“झारखंड के छात्रों के भविष्य का सौदा बर्दाश्त नहीं”

अस्पताल के बेड से अपने संदेश में राहुल कुमार क्रांति ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी कीमत पर खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रही गड़बड़ियों के कारण मेहनती और योग्य अभ्यर्थियों के हक पर डाका डाला जा रहा है। राहुल ने इस लड़ाई को “आर-पार की जंग” करार देते हुए कहा कि जब तक सरकार छात्रों की मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाती, आंदोलन जारी रहेगा।

अनशन का 5वां दिन, बिगड़ती तबीयत के बीच भी हौसले बुलंद

उल्लेखनीय है कि लगातार अनशन पर रहने के कारण शुक्रवार को राहुल कुमार क्रांति की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में रांची के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। शनिवार को उनके अनशन का 5वां दिन है।

अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद राहुल ने अपना अनशन समाप्त नहीं किया है। वहीं, उनका हाल-चाल लेने पहुंचे साथी अभ्यर्थियों ने बताया कि राहुल की सेहत में कोई खास सुधार नहीं हुआ है और उनकी लगातार गिरती स्थिति को लेकर सभी चिंतित हैं।

सरकार से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

छात्रों और प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से मांग की है कि वह JPSC और JSSC की परीक्षाओं में हुई कथित धांधली पर तुरंत संज्ञान ले और दोषी अधिकारियों व तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करे। 10 अगस्त के प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए राज्यभर में अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *