चतरा

बड़गांव घटना को लेकर बाबूलाल मरांडी से मिले सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास

चतरा, 08 अगस्त। टंडवा प्रखंड के बड़गांव में नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता से जुड़े घटनाक्रम को लेकर सिमरिया विधायक उज्ज्वल दास ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी से रांची में मुलाकात की। विधायक ने उन्हें पूरे मामले की जानकारी देते हुए घटनाक्रम की गंभीरता, पीड़ित परिवार की स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर सामने आ रहे विभिन्न तथ्यों से अवगत कराया।

विधायक ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच आवश्यक है ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और किसी निर्दोष व्यक्ति को गलत तरीके से मामले में न फंसाया जाए। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की ओर से पूर्व मुखिया विजय चौबे सहित कई लोगों को निर्दोष बताते हुए उन्हें मामले में फंसाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।

विधायक के अनुसार इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक सच्चाई सामने आ सकती है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि पीड़िता को न्याय और सुरक्षा मिले, वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे में प्रताड़ित नहीं किया जाए। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना आवश्यक है।

विधायक ने कहा कि न्याय पीड़िता के लिए भी सुनिश्चित होना चाहिए और यदि कोई निर्दोष है तो उसके साथ भी न्याय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मामले में न्याय सुनिश्चित होने तक वह मजबूती से अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *