160 खिलाड़ियों ने दी जीत कूने दो कलर बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा, रांची में दो चरणों में हुआ आयोजन
रांची, 26 जुलाई। झारखंड जीत कूने दो मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को आयोजित जीत कूने दो कलर बेल्ट ग्रेडिंग टेस्ट दो चरणों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। खिलाड़ियों की अधिक संख्या को देखते हुए ग्रेडिंग परीक्षा का आयोजन दो अलग-अलग केंद्रों पर किया गया, जिसमें कुल 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
ग्रेडिंग परीक्षा के प्रथम चरण का आयोजन NIAMT (पूर्व निफ्ट), हटिया में सुबह 8 बजे से 10 बजे तक किया गया, जिसमें 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसके बाद दूसरे चरण की परीक्षा रामेश्वरम, बरियातू स्थित रमाडा क्लब-1 में आयोजित हुई, जहां 90 खिलाड़ियों ने अपनी तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया।
ग्रेडिंग टेस्ट के दौरान खिलाड़ियों का स्टांस, पंच, किक, सेल्फ डिफेंस तकनीक, फिटनेस, अनुशासन और समग्र प्रदर्शन निर्धारित मानकों के अनुसार परखा गया।
इस अवसर पर संस्था के महासचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक सिफू बिस्वजीत कर्मकार ने कहा कि बच्चों में अपार प्रतिभा है और सही प्रशिक्षण, अनुशासन तथा निरंतर अभ्यास से उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं और भविष्य में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रशिक्षक नितेश कुमार, लखन उरांव, असफाक अंसारी, कुमकुम कुमारी, शिवानी, अरहान आलम, ईशान भगत और अतीत उरांव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं संस्था के सदस्य तौहीद आलम, सभी प्रशिक्षकों, अभिभावकों और स्वयंसेवकों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।
संस्था ने सभी सफल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि ग्रेडिंग टेस्ट में सफल खिलाड़ियों को शीघ्र ही उनके नए बेल्ट और प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
