Home

रांची में चेन छिनतई गिरोह का भंडाफोड़, एक बदमाश और ज्वेलर्स संचालक गिरफ्तार

रांची। राजधानी रांची में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं का खुलासा करते हुए नामकुम थाना पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी की बाइक से महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य और चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना तथा चोरी के दो दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि चोरी के दोपहिया वाहन पर सवार कुछ अपराधी नामकुम की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर रेलवे फ्लाईओवर के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। शाम करीब पांच बजे एक संदिग्ध युवक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल से आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सद्दाम अंसारी (30), निवासी बीआईटी सिरतनगर, के रूप में हुई। जांच में उसकी बाइक चोरी की निकली और उसका चेसिस नंबर भी मिटाया गया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि बाइक पतरातू क्षेत्र से चोरी की गई थी और इसी वाहन का इस्तेमाल रांची के विभिन्न इलाकों में महिलाओं से चेन छीनने की वारदातों में किया जाता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी की एक टीवीएस स्कूटी भी बरामद की।

पूछताछ के दौरान सद्दाम ने मार्च 2026 में नामकुम स्टेशन, अप्रैल में कांके के अरसंडे और लालपुर स्थित महिला इंटर कॉलेज के पास तथा जून में बरियातू के हरीहर सिंह रोड स्थित मंदिर के समीप हुई चेन छिनतई की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि छीने गए आभूषण बीआईटी मेसरा चौक स्थित वर्मा ज्वेलर्स के संचालक रमेश प्रसाद स्वर्णकार (38) को कम कीमत पर बेच दिए जाते थे, जिसके बदले उसे करीब चार लाख रुपये मिले थे।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकान में छापेमारी कर करीब 19 ग्राम गलाया हुआ सोना बरामद किया और रमेश प्रसाद स्वर्णकार को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह एक संगठित चेन छिनतई गिरोह का मामला सामने आया है, जो चोरी के वाहनों का उपयोग कर वारदात को अंजाम देता था और लूटे गए आभूषणों को ज्वेलरी दुकानों के माध्यम से खपाता था। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *