खेल

राज्य स्तरीय लिटिल चैम्प्स फुटबॉल प्रतियोगिता सेमीफाइनल में पहुंची, रोमांचक मुकाबलों में नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया दम

रांची, 24 जुलाई। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद (जेईपीसी) द्वारा खेलगांव, रांची के प्रैक्टिस ग्राउंड में आयोजित द्वितीय राज्य स्तरीय लिटिल चैम्प्स फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन लीग चरण और क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। कक्षा 3 से 5 तक के नन्हे खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

दिनभर चले मुकाबलों में सटीक पासिंग, बेहतरीन तालमेल, तेज आक्रमण और मजबूत रक्षा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। कई मैच अंतिम क्षणों तक रोमांचक बने रहे।

बालिका वर्ग : रांची, गिरिडीह, सिमडेगा और साहेबगंज सेमीफाइनल में

क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में रांची ने गुमला को 1-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। गिरिडीह ने लातेहार को 3-0 से पराजित किया। सिमडेगा ने पलामू को 1-0 से शिकस्त देकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि साहेबगंज ने लोहरदगा को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल का टिकट हासिल किया।

बालक वर्ग : लोहरदगा, पाकुड़, रामगढ़ और गिरिडीह अंतिम चार में

बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल में लोहरदगा ने रांची को 2-1 से हराया। पाकुड़ ने सरायकेला-खरसावां को 4-0 से करारी शिकस्त दी। रामगढ़ ने गुमला को 1-0 से पराजित किया, जबकि गिरिडीह ने खूंटी को 1-0 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास, संयम और खेल भावना का शानदार परिचय दिया। नन्हे खिलाड़ियों का प्रदर्शन उनकी नियमित तैयारी और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का प्रमाण रहा। प्रतियोगिता राज्य में फुटबॉल प्रतिभाओं को निखारने और भविष्य के खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।

अब प्रतियोगिता निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है। बालिका वर्ग में रांची, गिरिडीह, सिमडेगा और साहेबगंज, जबकि बालक वर्ग में लोहरदगा, पाकुड़, रामगढ़ और गिरिडीह की टीमें सेमीफाइनल में पहुंच चुकी हैं। शनिवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जहां नन्हे खिलाड़ी राज्य चैंपियन बनने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *