गोल इंस्टीट्यूट के नीट सफल विद्यार्थियों का सम्मान, स्वास्थ्य मंत्री ने पेपर लीक पर जताई चिंता
रांची, 23 जुलाई। गोल इंस्टीट्यूट की ओर से गुरुवार को रांची में नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों के सम्मान में समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है, लेकिन उनका मन उन लाखों छात्रों की पीड़ा से भी व्यथित है, जिनके सपनों पर पेपर लीक जैसी घटनाओं ने चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि मेहनती और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि गोल इंस्टीट्यूट ने अपनी 28 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में 18 हजार से अधिक विद्यार्थियों को नीट परीक्षा में सफलता दिलाई है, जो आज देश और विदेश में चिकित्सक बनकर मानवता की सेवा कर रहे हैं। वर्ष 2026 के नीट परिणामों में भी संस्थान का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।
इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड में चिकित्सा शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस और पीजी सीटों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि राज्य के अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झारखंड की चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव देखने को मिलेगा।
कार्यक्रम में रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खालखो, गोल इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक बिपिन कुमार सिंह, रांची विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. ए.एन. शाहदेव, सेंट जेवियर्स इंटरमीडिएट कॉलेज के प्राचार्य फादर अजय अनिल तिर्की, रिम्स के सहायक प्राध्यापक डॉ. शिशिर कुमार, पैनेसिया हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. प्रशांत कुमार सहित बड़ी संख्या में नीट-2026 में सफल छात्र-छात्राएं और अभिभावक उपस्थित थे।
