NEET पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का धरना, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
खूंटी , 23 जुलाई । नीट पेपर लीक मामले में दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्र और कांग्रेस नेताओं पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित किया गया।
धरने की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से इस्तीफे की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने कहा कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा का पेपर लीक होना लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ गंभीर अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की लापरवाही के कारण शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों और विपक्षी नेताओं के साथ किया गया व्यवहार भी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
धरने के बाद रवि मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट परीक्षा की सीबीआई जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, प्रभावित छात्रों के लिए पारदर्शी तरीके से पुनः परीक्षा आयोजित कराने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग की गई।
कार्यक्रम में सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव नईमुद्दीन खां, आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि विलसन तोपनो, जिला महासचिव गोपाल भगत, जिला उपाध्यक्ष रविकांत मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष गुलाम गौश, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गोप सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
