श्रावणी मेला-2026: देवघर में संचार व्यवस्था मजबूत करने के लिए 90 पुलिस ऑपरेटर तैनात

रांची: राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान देवघर में संचार व्यवस्था को सुचारू और प्रभावी बनाए रखने के लिए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने बड़ा कदम उठाया है। एसपी वायरलेस, रांची के आदेश पर राज्य के विभिन्न जिलों, शाखाओं और कंट्रोल रूम में कार्यरत 90 पुलिस ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति देवघर में की गई है। यह निर्णय देवघर पुलिस के अनुरोध पर डीजी वायरलेस की स्वीकृति के बाद लिया गया है।
27 जुलाई तक रिपोर्ट करने का निर्देश
जारी आदेश के अनुसार, श्रावणी मेला ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त सभी पुलिस ऑपरेटरों को 27 जुलाई तक हर हाल में वायरलेस प्रभारी, देवघर के समक्ष योगदान देना होगा। साथ ही वायरलेस प्रभारी को देवघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के साथ समन्वय स्थापित कर सभी कर्मियों की ड्यूटी का उचित बंटवारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
आवश्यकता पड़ने पर देवघर जिले के विभिन्न थानों में पहले से कार्यरत वायरलेस ऑपरेटरों की भी आवश्यकता के अनुसार तैनाती की जा सकेगी।
राज्यभर से भेजे गए ऑपरेटर
प्रतिनियुक्त 90 पुलिस ऑपरेटरों में रांची स्थित पुलिस वायरलेस मुख्यालय की विभिन्न शाखाओं, जैसे एचआरएमएस, सीसीआर, डेटा सेंटर, टेट्रा कंट्रोल, हाई कोर्ट एवं विधानसभा कंट्रोल के कर्मियों के अलावा राज्य के लगभग सभी प्रमुख जिलों से वायरलेस ऑपरेटर शामिल किए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय का उद्देश्य श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, त्वरित सूचना आदान-प्रदान और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है, ताकि संचार व्यवस्था पूरी तरह निर्बाध बनी रहे।
