आईडीबीआई बैंक के सीएसआर फंड से 10 दिव्यांगों को मिली ट्राई स्कूटी
पलामू, 15 जुलाई। पलामू समाहरणालय में बुधवार को आयोजित समारोह में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने आईडीबीआई बैंक के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड के तहत 10 दिव्यांगजनों के बीच पेट्रोल चालित ट्राई स्कूटी का वितरण किया। इस दौरान उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक पांडे तथा बैंक के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लाभुकों को प्रतीकात्मक चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन वाहनों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि ट्राई स्कूटी मिलने से दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा होगी और वे अपने दैनिक कार्य अधिक आत्मनिर्भर होकर कर सकेंगे।
मंत्री ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पलामू सहित पूरे झारखंड में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिल रही है।
उन्होंने बैंकों की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि झारखंड में गुजरात, महाराष्ट्र और केरल की तर्ज पर क्रेडिट-डिपॉजिट (सीडी) रेशियो बढ़ाने की आवश्यकता है। उनके अनुसार, राज्य के विकास में बैंकिंग क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है और बैंकों के वार्षिक ऋण वितरण की योजनाओं का अधिक प्रभावी उपयोग किया जाना चाहिए।
वित्त मंत्री ने कहा कि अब राज्य सरकार बैंकों और बड़ी कंपनियों द्वारा सीएसआर मद की राशि कहां और किस उद्देश्य से खर्च की जा रही है, इसकी भी नियमित निगरानी कर रही है, ताकि इन संसाधनों का बेहतर उपयोग समाज के जरूरतमंद लोगों के हित में किया जा सके।
वर्तमान मौसम की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कम वर्षा के कारण कृषि प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने उपायुक्त की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन संभावित सूखे की स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी कर रहा है।
उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिला प्रशासन दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों को आवागमन और रोजगार से जुड़े कार्यों में होने वाली कठिनाइयों को देखते हुए सीएसआर फंड के माध्यम से यह पहल की गई है।
इन लाभुकों को मिली ट्राई स्कूटी
ट्राई स्कूटी प्राप्त करने वालों में छतरपुर प्रखंड के बगैया पंचायत के बंधूडीह निवासी लालू यादव, बृजकिशोर सिंह, छोटे लाल साव, गुलाबझरी लक्ष्मीपुर के संतन माली, पाटन प्रखंड के बंगलापर-पाल्हे निवासी उमत रसूल, गाड़ीखास के मुरकटवा निवासी रामप्रवेश मेहता, पाल्हेकला के कुंदरी निवासी धीरेन्द्र कुमार, बरसैता के अशोक कुमार सिंह, पड़वा प्रखंड के रजहारा पंचायत के सहदेवा निवासी राकेश कुमार बैठा तथा रजहारा के बिरहोरी निवासी सुरेश पासवान शामिल हैं।
