खेलरांची

रांची जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का आगाज, खिलाड़ियों ने दिखाया योग कौशल

रांची, 11 जुलाई। रांची जिला योग संघ के तत्वावधान में दो दिवसीय रांची जिला योगासन स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का शुभारंभ शनिवार को नामकुम स्थित जीडी गोयंका स्कूल में हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय के चेयरमैन मदन सिंह, भाजपा प्रवक्ता के.के. गुप्ता, गुरु गोविंद सिंह स्कूल कमड़े की प्राचार्या शालिनी, स्कूल ऑफ योग की कोऑर्डिनेटर रेणु कुमारी, जीडी गोयंका स्कूल के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार, झारखंड योग संघ के महासचिव आदित्य कुमार सिंह, वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सुशांत भट्ट तथा भाजपा धुर्वा मंडल अध्यक्ष उत्तम यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर रांची जिला योग संघ के अध्यक्ष पंकज प्रसाद, महासचिव रजनी बक्शी एवं आयोजन सचिव राहुल पोद्दार ने अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन समारोह का संचालन संघ के चेयरमैन संजय कुमार झा एवं अमरेंद्र कुमार विकल ने किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन सीनियर वर्ग की स्पर्धाओं का आयोजन किया गया, जिसमें 100 से अधिक खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में शानदार योगासन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन रेफरी पैनल द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया।

आयोजन सचिव राहुल पोद्दार ने बताया कि प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को जूनियर वर्ग की स्पर्धाएं प्रातः 9 बजे से शुरू होंगी। इसके बाद दोपहर 3 बजे योग टाइटल स्पर्धा आयोजित की जाएगी तथा शाम 4 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।

प्रतियोगिता के पहले दिन डॉ. कौशिक दत्ता, सुशांत भट्ट, संजय कुमार झा, डॉ. कृष्ण कुमार राय, पंकज प्रसाद, रजनी बक्शी, आदित्य कुमार सिंह, रीमा वर्मा, गणेश कुमार, रमेश कुमार, सिंधु कुमारी, निक्की रानी, वंदना कुमारी, सृजन कुमारी, साक्षी कुमारी, पूजा कुमारी, संघमित्रा, रागनी जायसवाल, शुभम कुमार, सुजीत कुमार, सोमपा पोद्दार, एस.के. दत्ता सहित रांची जिला योग संघ के रेफरी, पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *