झारखंडरांची

झारखंड में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 12 से 14 जुलाई तक भारी बारिश के आसार

रांची, 11 जुलाई। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश जिलों में 12 से 14 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 12 जुलाई को राज्य के उत्तर-पूर्वी एवं उससे सटे मध्यवर्ती क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 13 जुलाई को उत्तर-पूर्वी, मध्यवर्ती और दक्षिण-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा 14 जुलाई को उत्तर-पूर्वी तथा उससे सटे मध्यवर्ती जिलों में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने तथा आकाशीय बिजली और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जुलाई में मानसून के दोबारा सक्रिय होने से राजधानी रांची सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 94.2 मिलीमीटर वर्षा जामताड़ा के डीवीसी क्षेत्र में दर्ज की गई। वहीं राज्य का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में तथा न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकॉर्ड किया गया।

शनिवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रहे तथा बीच-बीच में हल्की बारिश होती रही। इससे मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 24.0 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 31.1 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 31.8 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *