Home

राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर एबीवीपी ने कराया हॉकी टूर्नामेंट, हॉकी खूंटी बनी चैंपियन

फाइनल में कामनता खूंटी को 2-0 से हराया, जॉन टोपनो बने प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

खूंटी, 9 जुलाई। राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को एबीवीपी की खूंटी इकाई की ओर से एक दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना था।

प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने हिस्सा लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में हॉकी खूंटी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कामनता खूंटी को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जॉन टोपनो को ‘बेस्ट प्लेयर’ का पुरस्कार प्रदान किया गया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को समारोह में सम्मानित किया गया।

खेल से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता : प्रकाश टूटी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एबीवीपी झारखंड के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस विद्यार्थियों की शक्ति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एबीवीपी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा झारखंड की समृद्ध हॉकी परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि बिरसा कॉलेज, खूंटी के निवर्तमान प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की।

इस अवसर पर खेल प्रमुख राजकुमार गुप्ता, जिला संयोजक हीरांजलि हेमरोम, हॉकी कोच अमित सौरभ एक्का, अतुल सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मधुवा मुंडा, सुखराम हेमरोम, रजनी संगा, करुणा और मंजन हेमरोम सहित एबीवीपी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *