Home

रांची से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, 0 से 5 वर्ष के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील

रांची। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ रविवार को सदर अस्पताल, रांची से किया गया। महापौर श्रीमती रौशनी खलखो ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर विधायक सी.पी. सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई और अभिभावकों से अपील की कि वे 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं।

भारत पोलियो मुक्त, लेकिन सतर्कता अभी भी जरूरी : डॉ. प्रभात कुमार

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि पिछले 14 वर्षों से भारत में पोलियो का कोई मामला सामने नहीं आया है, जो स्वास्थ्यकर्मियों की मेहनत और जनसहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले मिल रहे हैं, इसलिए नियमित टीकाकरण बेहद आवश्यक है।

हर बच्चे तक पहुंचे पोलियो की खुराक : रौशनी खलखो

महापौर श्रीमती रौशनी खलखो ने कहा कि भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि सदर अस्पताल के साथ-साथ ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा रही है, ताकि कोई भी बच्चा छूट न जाए।

स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका सराहनीय : सी.पी. सिंह

विधायक सी.पी. सिंह ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाने में स्वास्थ्यकर्मियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल लगातार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है और इसे और मजबूत बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

झारखंड में 61 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की दवा

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि वर्ष 1995 से देशभर में पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष झारखंड में लगभग 61 लाख बच्चों को 24,507 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को दवा पिलाएंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

सभी अभिभावकों से सहयोग की अपील

राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक ने कहा कि पड़ोसी देशों में पोलियो के मामले सामने आने के कारण सतर्कता बनाए रखना आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 28 से 30 जून 2026 तक चलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *