Home

एक ही दिन तीन बार जली एलटी केबल, भड़के ग्रामीणों ने बिजली सब स्टेशन का किया घेराव

पलामू। हैदरनगर बाजार क्षेत्र के बैंक रोड में एक ही दिन तीन बार एलटी (लो टेंशन) केबल जलकर सड़क पर गिरने की घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने शनिवार को चौकड़ी विद्युत सब स्टेशन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जर्जर विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।

‘बिजली नहीं तो बिल नहीं’ के लगे नारे

प्रदर्शन का नेतृत्व हैदरनगर पूर्वी पंचायत के मुखिया संतोष कुमार सिंह, समाजसेवी प्रेमतोष सिंह और पंचायत समिति सदस्य गुप्तेश्वर पांडेय ने किया। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने “बिजली नहीं तो बिल नहीं” और “बिजली एसडीओ हाय-हाय” के नारे लगाकर विभाग के प्रति अपना विरोध जताया।

स्थायी समाधान की मांग, हादसे की जताई आशंका

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि बाजार क्षेत्र में लगातार एलटी केबल जलने और सड़क पर गिरने की घटनाएं हो रही हैं। कई बार बड़ा हादसा टल चुका है, लेकिन विभाग केवल अस्थायी मरम्मत कर अपनी जिम्मेदारी से बच रहा है। लोगों ने कहा कि जर्जर केबलों को तत्काल बदलकर स्थायी समाधान किया जाए।

अधिकारी को मौके पर बुलाने पर अड़े ग्रामीण

ग्रामीणों ने चौकड़ी बिजली सब स्टेशन पर सहायक अभियंता (एई) को तत्काल बुलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान का स्पष्ट आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन होगा तेज

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जर्जर एलटी केबलों को शीघ्र नहीं बदला गया और बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की जान जोखिम में डालने वाली लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *