मोहर्रम पर रांची के सभी स्कूल 27 जून को रहेंगे बंद
रांची। मोहर्रम पर्व के अवसर पर 27 जून 2026 (शनिवार) को रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। जिला प्रशासन ने ताजिया और अखाड़ा जुलूस के कारण संभावित यातायात बाधित होने तथा स्कूली बच्चों की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली असुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार, 27 जून को जिले के अधिकांश क्षेत्रों में मोहर्रम के अवसर पर ताजिया एवं अखाड़ा जुलूस निकाले जाएंगे। इसे देखते हुए सभी विद्यालयों में पूर्ण अवकाश घोषित किया गया है।
जरूरी होने पर ही होगी परीक्षा
जिन विद्यालयों में 27 जून को पूर्व निर्धारित परीक्षाएं आयोजित होनी हैं, वे केवल अत्यंत आवश्यक स्थिति में ही जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ), रांची को पूर्व सूचना देकर परीक्षा आयोजित कर सकेंगे।
शांति और सहयोग की अपील
जिला प्रशासन ने सभी विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों एवं आम नागरिकों से सहयोग बनाए रखने तथा मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने का भी अनुरोध किया गया है।
