अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में झारखंड का दमदार प्रदर्शन, पी विशाल और ईशान सिंह ने जीता गोल्ड
रांची, 4 जून। झारखंड के ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने श्रीनगर में आयोजित प्रथम प्रोफेशनल ताइक्वांडो फेडरेशन इंडिया ओपन अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन 29 मई से 2 जून 2026 तक शेर-ए-कश्मीर इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, श्रीनगर में किया गया, जिसमें देश-विदेश के लगभग 600 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में रांची जिला एवं झारखंड की टीम ने टीम मैनेजर मिथलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में हिस्सा लिया। टीम के साथ कोच चंदन कुमार, अनंत नाग चंदन एवं करमचंद भगत भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में केरली स्कूल के पी विशाल तथा रांची प्रेस क्लब ताइक्वांडो सेंटर के ईशान सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड और रांची जिले का गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा आयुष राज, सिया शुक्ला, रिधिमा सिंह, नीरज लकड़ा एवं अध्या लिया ने रजत पदक हासिल किए।
वहीं सौम्या आनंद, प्रजना सिंह, प्रतिज्ञा सिंह एवं नंदिनी मौर्या ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खिलाड़ियों की इस सफलता से राज्य के ताइक्वांडो जगत में खुशी का माहौल है।
