पलामू वॉरियर्स की रोमांचक जीत, छोटानागपुर ब्लास्टर को 3 विकेट से हराया
रांची। झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग के दूसरे दिन खेले गए दूसरे मुकाबले में पलामू वॉरियर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर को 3 विकेट से पराजित कर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर पलामू वॉरियर्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए छोटानागपुर ब्लास्टर की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 145 रन बनाए और पलामू वॉरियर्स के सामने 146 रनों का लक्ष्य रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलामू वॉरियर्स की टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 18.4 ओवरों में 7 विकेट खोकर 147 रन बना लिए और मुकाबला 3 विकेट से अपने नाम कर लिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। छोटानागपुर ब्लास्टर की प्रियंका सवैया को शानदार गेंदबाजी के लिए मोमेंट्स बेस्ट इकॉनमी बॉलर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार श्री शब्बीर हुसैन ने प्रदान किया।
वहीं छोटानागपुर ब्लास्टर की शशि माथुर को सर्वाधिक छक्के लगाने के लिए मोमेंट्स सर्वाधिक छक्का अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार श्री मधुकांत पाठक ने प्रदान किया।
मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए पलामू वॉरियर्स की सोनिया को मोमेंट्स प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें यह सम्मान जेएससीए के पूर्व अध्यक्ष द्वारा प्रदान किया गया।
झारखंड विमेंस टी-20 प्रीमियर लीग में लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं और खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है।
