अंडर-18 एशिया कप हॉकी: भारत ने सिंगापुर को 25-0 से रौंदा, झारखंड की तीन बेटियों ने भी किए गोल
रांची: जापान के काकामीगहारा में 29 मई से 6 जून 2026 तक आयोजित अंडर-18 महिला एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अंतिम लीग मैच में सिंगापुर को 25-0 से करारी शिकस्त दी। इस शानदार जीत के साथ भारत ने अपने पूल में शीर्ष स्थान हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन किया है। सिंगापुर के खिलाफ खेले गए मुकाबले में झारखंड की बेटियों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। संदीपा कुमारी, पुष्पा मांझी और श्रुति कुमारी ने एक-एक गोल कर भारत की ऐतिहासिक जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारत की ओर से नाज नौशीन ने सर्वाधिक 7 गोल किए, जबकि गीताश्री नम्मी ने 5 और टीम की कप्तान स्वीटी कुजूर ने 4 गोल दागे।
इस प्रतियोगिता में झारखंड की पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी, श्रुति कुमारी, खिली कुमारी, नीलम टोपनो और सुगन सांगा भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जो राज्य के लिए गर्व का विषय है।
मैच के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव स्वयं स्टेडियम पहुंचे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। जीत के बाद उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ी इसी प्रदर्शन को बरकरार रखें और फाइनल जीतकर जापान की धरती पर भारत का तिरंगा लहराएं।
भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड एवं झारखंड सरकार के खेल विभाग के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
