Home

छठ तालाब के पास नशे का कारोबार ध्वस्त, ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

Ranchi : राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चुटिया थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 32 ग्राम ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

रांची के एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि चुटिया थाना क्षेत्र के पावर हाउस छठ तालाब के पास अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली एएसपी निखिल राय के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इसी दौरान एक युवक को पकड़कर उसकी तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से करीब 32 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।

रामगढ़ का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनिल नायक (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र स्थित स्याल मोड़ का रहने वाला है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह ब्राउन शुगर कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।

मोबाइल और बाइक भी जब्त

पुलिस ने आरोपी के पास से एक विवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (नंबर JH24F0449) भी जब्त की है। जांच एजेंसियां मोबाइल फोन के जरिए आरोपी के संपर्कों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

अन्य तस्करों की तलाश जारी

पुलिस का मानना है कि इस अवैध कारोबार में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि रांची में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

इन अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

छापेमारी अभियान में एएसपी निखिल राय, सिटी डीएसपी केवी रमन, कोतवाली थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी, चुटिया थाना प्रभारी पुनम कुमारी, बजरंग टोप्पो, मिनकेतन कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *