वार्ड पार्षद की बेटी का पेड़ से लटका मिला शव, शौच के लिए निकली थी घर से

Gumla : जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी का शव आम के पेड़ से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सतपारा घटा निवासी और वार्ड पार्षद विजयपाल भगत की पुत्री सुशांति कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सुबह शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी
परिजनों के अनुसार, सुशांति कुमारी आठवीं कक्षा की छात्रा थी। बताया गया कि वह अपनी मां सुहानी भगत के साथ डूमरडीह जिलिंगा जतरा गई थी। रात में दोनों घर लौट आए थे। इसके बाद सुशांति घर के बगल में सो गई थी।परिजनों ने बताया कि शनिवार तड़के करीब पांच बजे वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता होने लगी।
आम चुनने गए लोगों ने देखा शव
इसी दौरान बगीचे में आम चुनने गए कुछ लोगों की नजर आम के पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह सुशांति है। इसके बाद ग्रामीणों और परिजनों को सूचना दी गई। घटना की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किशोरी ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर कुछ स्पष्ट कहा जा सकेगा। घटना के बाद पूरे सतपारा घटा गांव में शोक की लहर है। एक होनहार छात्रा की अचानक मौत से परिवार के साथ-साथ गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। सभी लोग इस घटना को लेकर दुख जता रहे हैं।
