समर कैंप में बच्चों का दिखा उत्साह, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
रांची, 20 मई 2026: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों में आयोजित तीन दिवसीय समर कैंप के दूसरे दिन भी विद्यार्थियों में उत्साह चरम पर देखने को मिला। “सीखें, खेलें, सृजन करें” थीम पर आधारित इस कैंप में बच्चों ने खेल, पोस्टर मेकिंग एवं समूह गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कहीं बच्चे फुटबॉल एवं कबड्डी जैसे लोकप्रिय खेलों में कौशल दिखाते नजर आए, तो कहीं लूडो, शतरंज एवं चेस जैसे इनडोर खेलों के माध्यम से अपनी बौद्धिक क्षमता एवं रणनीतिक सोच का परिचय दिया। छोटे बच्चों का आत्मविश्वास, अनुशासन एवं उत्साह सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
समर कैंप के दौरान विद्यार्थियों को अपनी सोच, कल्पनाशीलता एवं रचनात्मक क्षमता को निखारने का अवसर मिल रहा है। विद्यालयों में आयोजित पोस्टर निर्माण, समूह गतिविधियों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, खेल भावना एवं सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए सत्र की शुरुआत में ही समर कैंप का आयोजन किया गया है। इस पहल के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक, रचनात्मक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही उन्हें सीखने के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर भी मिल रहा है।
शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को खेलों एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है। समर कैंप के सफल संचालन के लिए विद्यालय स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं तथा विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गर्मी से बचाव संबंधी आवश्यक सावधानियों का पालन कराया जा रहा है।
