मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने स्व. दुर्गा सोरेन को पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

रांची: हेमन्त सोरेन ने झारखंड आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक दुर्गा सोरेन की पुण्यतिथि पर लोवाडीह, नामकुम स्थित दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रेस प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए स्व. दुर्गा सोरेन के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन ने अलग झारखंड राज्य के निर्माण और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी लोग एकत्र होकर उनके संघर्ष और योगदान को याद कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन एक दूरदर्शी, संघर्षशील और जनभावनाओं से जुड़े नेता थे। उनका जीवन सदैव जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि स्व. दुर्गा सोरेन जैसे संघर्षशील नेताओं के बलिदान और आंदोलन के कारण ही झारखंड को अलग राज्य का दर्जा मिल सका। उन्होंने कहा कि बड़े भाई दुर्गा सोरेन जैसे कर्मठ एवं युवा नेता पर पूरे राज्य को गर्व है। उनकी पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन।
इस दौरान दुर्गा सोरेन स्मारक स्थल पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य लोगों ने भी उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा झारखंड आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।
