17 मई को झारखंडभर में होंगे आर्ट ऑफ गिविंग के सामाजिक कार्यक्रम
रांची: आर्ट ऑफ गिविंग झारखंड शाखा द्वारा आगामी 17 मई को अंतर्राष्ट्रीय “आर्ट ऑफ गिविंग दिवस” के अवसर पर राज्यभर में व्यापक सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन शाखा के अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री सुबोध कांत सहाय के मार्गदर्शन तथा महासचिव शेखर बोस के नेतृत्व में किया जाएगा।
इस अवसर पर झारखंड के सभी जिलों में तीन अलग-अलग स्थानों पर सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। यह पहल आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक प्रो. डॉ. अच्युत सामंत की प्रेरणादायी सोच पर आधारित है, जिसका उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के तहत वॉलीबॉल प्रदर्शनी मैच, गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच भोजन वितरण, बच्चों को पेंसिल एवं शैक्षणिक सामग्री वितरण, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराना, निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर और रक्तदान शिविर जैसे कई सामाजिक कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा प्रत्येक जिले में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया जाएगा, ताकि समाजसेवियों और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का उत्साहवर्धन हो सके।
आर्ट ऑफ गिविंग झारखंड शाखा के अध्यक्ष सुबोध कांत सहाय ने सभी जिला अध्यक्षों, सचिवों और संबंधित क्लबों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन समाज में “देने की कला” की भावना को और मजबूत करेगा। इसकी जानकारी महासचिव शेखर बोस ने दी।
