Home

रांची में बिजली विभाग के आवासों पर अवैध कब्जा, कार्रवाई की तैयारी तेज

Ranchi : रांची के डोरंडा कुसई कॉलोनी स्थित बिजली विभाग के आवासीय परिसर में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। प्रारंभिक आकलन में पाया गया है कि कुल 251 आवासों में से करीब 100 आवासों पर अवैध रूप से लोग रह रहे हैं।

ट्रांसफर और निधन के बाद भी खाली नहीं हुए क्वार्टर

कई मामलों में यह भी सामने आया है कि जिन कर्मचारियों का ट्रांसफर हो चुका है या जिनका निधन हो गया है, उनके आवास अब तक खाली नहीं किए गए हैं।

परिसर में अवैध खटाल और दुकानें भी चल रहीं

कॉलोनी में सिर्फ आवास ही नहीं, बल्कि आधा दर्जन से अधिक अवैध खटाल और करीब 18 दुकानें भी संचालित हो रही हैं। इनमें राशन, पान और अन्य दैनिक जरूरत की दुकानें शामिल हैं। कई जगह झोपड़ियां बनाकर भी अतिक्रमण किया गया है।

कई आवास जर्जर हालत में

कई मकान लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण जर्जर हो चुके हैं। बारिश के दौरान पानी रिसने और छत गिरने जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।

विभाग ने तैयार की सूची

बिजली विभाग ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध कब्जाधारियों की सूची तैयार कर ली है। इसकी जिम्मेदारी कनीय अभियंता (असैनिक) राम नरेश और कार्यपालक अभियंता हेमंत कुमार को सौंपी गई थी।

महाप्रबंधक ने दिए कार्रवाई के संकेत

तैयार सूची को एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक को सौंप दिया गया है। महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जे, खटाल और दुकानों को हटाने की योजना बनाई जा रही है।

जल्द चलेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान

विभाग जल्द ही अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाने की तैयारी में है। खाली कराए गए आवासों को जरूरतमंद कर्मचारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *