एशियन चैंपियनशिप विजेता लॉन बॉल्स खिलाड़ियों ने खेल सचिव से की मुलाकात
रांची | 17 अप्रैल 2026
एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर झारखंड और देश का नाम रोशन करने वाले लॉन बॉल्स खिलाड़ियों दिनेश महतो, सुनील बहादुर, रेशमा कुमारी और बसंती ने कोच मधुकांत पाठक के साथ झारखंड के खेल सचिव मुकेश कुमार से मुलाकात की।
इस दौरान खेल सचिव ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य में खेलों के विकास को लेकर सरकार गंभीर है और सभी खेल संघों के साथ जल्द ही बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में लॉन बॉल्स खेल को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। खेल सचिव ने अन्य जिलों में भी लॉन बॉल्स के लिए ग्राउंड निर्माण पर जोर देने की बात कही, ताकि इस खेल को राज्यभर में बढ़ावा मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड में इस खेल के कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं, जिन्होंने समय-समय पर राज्य के लिए पदक जीतकर गौरव बढ़ाया है और सरकार द्वारा खिलाड़ियों को रोजगार के अवसर भी प्रदान किए गए हैं।
मुलाकात के दौरान सचिव ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी पारिवारिक पृष्ठभूमि के बारे में जानकारी ली और आश्वासन दिया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर खिलाड़ी सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं।
कोच मधुकांत पाठक ने बताया कि खेल सचिव के साथ खेल के विकास को लेकर सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई, जिससे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।
