वीर सिदो-कान्हू की जयंती पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्पित की श्रद्धांजलि
मोरहाबादी स्थित उद्यान में माल्यार्पण, वीरों की भूमि झारखंड की परंपरा को बताया गौरवशाली
रांची: रांची में हूल विद्रोह के महानायक सिदो-कान्हू की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन ने मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड वीरों की भूमि है, जहां अनेक महान सपूतों ने जन्म लिया और जल, जंगल तथा जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी और मूलवासी समाज ने अपने अधिकारों के लिए तब से लड़ाई लड़ी, जब देश में आजादी का सपना भी नहीं देखा गया था।
मुख्यमंत्री ने वीर सिदो-कान्हू के संघर्ष को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका, जो आज भी समाज को साहस, स्वाभिमान और संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि झारखंड के वीर सपूतों ने अलग-अलग समय में राज्य और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए खुद को समर्पित किया है।
उन्होंने आगे कहा कि सिदो-कान्हू की जयंती भारतीय इतिहास में अमिट रूप से दर्ज है और इस दिन देशभर में लोग उनकी प्रतिमा, जन्मस्थली और शहादत स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। यह दिन न केवल आदिवासी समुदाय बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे महान विभूतियों ने समाज को एक नई दिशा देने का कार्य किया है, जिससे आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेती रहेंगी।
