खेल

टैलेंट हंट से निखर रही स्केटिंग प्रतिभाएं, झारखंड को हब बनाने का संकल्प

सीनियर खिलाड़ियों के मार्गदर्शन से नई पीढ़ी तैयार; 2036 ओलिंपिक पर नजर

रांची: रांची में रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड द्वारा आयोजित टैलेंट हंट प्रोग्राम ने नन्हे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का शानदार मंच प्रदान किया। इस आयोजन ने राज्य के वरिष्ठ खिलाड़ियों के उस संकल्प को भी मजबूत किया, जिसके तहत झारखंड को स्केटिंग का हब बनाने की दिशा में प्रयास जारी हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अनुभवी खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही। एसोसिएशन ने विशेष रूप से सुमंत कुमार (स्केटबोर्डिंग), राजेश कुमार राम (स्पीड स्केटिंग) और प्रदीप खलखो (फ्रीस्टाइल) जैसे सीनियर खिलाड़ियों का आभार जताया, जो अपने अनुभव से नई प्रतिभाओं को तराश रहे हैं।

इसके अलावा योगेश कुमार सहित विभिन्न जिलों के पूर्व खिलाड़ी भी कोचिंग के माध्यम से स्केटिंग को राज्य के कोने-कोने तक पहुंचाने में जुटे हैं।

टैलेंट हंट में 4 से 12 वर्ष के बच्चों के प्रदर्शन ने यह संकेत दिया कि उचित प्रशिक्षण मिलने पर झारखंड के खिलाड़ी 2036 ओलिंपिक सहित अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

इस दौरान एसोसिएशन के सचिव सुमित शर्मा ने राज्य सरकार और खेल मंत्रालय से अधूरे स्केटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्केटिंग रिंक का शेष कार्य और प्रस्तावित स्केटबोर्डिंग व रोलर हॉकी ट्रैक का निर्माण शीघ्र होना चाहिए।

एसोसिएशन ने अभिभावकों का भी आभार जताया, जो अपने बच्चों को इस खेल से जोड़ रहे हैं। भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के जरिए नई प्रतिभाओं की खोज जारी रखने की बात कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *