रांची

दो दिवसीय पलाश एक्टिंग वर्कशॉप का सफल समापन

रांची। एच.बी. रोड स्थित एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो में आयोजित दो दिवसीय पलाश एक्टिंग वर्कशॉप का रविवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट, एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो एवं रिलेशन्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में शहर के विभिन्न इलाकों से आए बच्चों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अभिनय की कई महत्वपूर्ण बारीकियों को सीखा। दो दिनों तक चले इस आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में सीखने और कला के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं झारखंड के प्रसिद्ध चार्टर्ड अकाउंटेंट दीपक बंका उपस्थित थे।

वहीं विशिष्ट अतिथियों में रिलेशन्स के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, झारखंड के वरिष्ठ रंगकर्मी, लेखक एवं अभिनेता पंकज सिन्हा तथा एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के निर्देशक आकाश दीप सहित समर्पण चैरिटेबल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आनंद केडिया, उमेश केडिया और स्मिता केडिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को अभिनय की बुनियादी और व्यावहारिक तकनीकों का प्रशिक्षण एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के निर्देशक आकाश दीप द्वारा दिया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को बॉडी लैंग्वेज, वॉइस मॉड्यूलेशन, संवाद अदायगी, भाव-अभिनय, स्टेज प्रेजेंस तथा इम्प्रोवाइजेशन जैसी अभिनय से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकों से अवगत कराया। साथ ही स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज, ऑब्जर्वेशन एवं रिफ्लेक्शन एक्टिविटी, कैरेक्टर स्टडी और रचनात्मक अभिनय अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को मंच और कैमरे के सामने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने की ट्रेनिंग दी गई।

इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि झारखंड कला और संस्कृति का समृद्ध केंद्र रहा है। यहां की बोली-भाषा, लोक संस्कृति और परंपराओं में कला की गहरी झलक मिलती है। ऐसे में यहां के बच्चों और युवाओं में अभिनय और रचनात्मक कलाओं के प्रति विशेष प्रतिभा देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं युवाओं को अपनी प्रतिभा को निखारने और बड़े मंचों तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं। उचित मार्गदर्शन और प्रशिक्षण मिलने पर झारखंड के कलाकार भी भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के साथ-साथ मुंबई जैसे बड़े मंचों पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

दो दिनों तक चले इस पलाश एक्टिंग वर्कशॉप में प्रतिभागियों ने अभिनय, संवाद प्रस्तुति, मंच संचालन और आत्मविश्वास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें सीखीं। समापन समारोह के अवसर पर सभी प्रतिभागी बच्चों को उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एक्टर्स माइंड एक्टिंग स्टूडियो के विद्यार्थी अथर्व सिन्हा, बादल कुमार, विनय महतो ,रोहित नायक, सुन्दरम, सौरव कुमार, रितिका कुमारी, गुरूचरण प्रसाद समेत कई प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

कार्यक्रम से संबंधित जानकारी अमन द्वारा दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *