खेलो इंडिया एसटी गेम्स–2026 के लिए झारखंड मलखंब टीम का चयन, 2–4 अप्रैल को अंबिकापुर में होगा मुकाबला
रांची। प्रथम संस्करण खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति (ST) गेम्स–2026 के लिए झारखंड की बालक-बालिका मलखंब टीम का चयन रविवार को सेक्टर-2, धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ।
यह चयन प्रक्रिया झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन एवं खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। खुली चयन प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से लगभग 40 बालक-बालिकाओं ने भाग लिया।
चयनित खिलाड़ियों के लिए 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर 15 मार्च से 29 मार्च तक बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय, सेक्टर-2, धुर्वा, रांची में आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण प्रतिदिन अपराह्न 3 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। शिविर में मुख्य प्रशिक्षक अजय झा तथा सहायक प्रशिक्षक विवेक कुमार, संजय कुमार, निखिल कुमार और सरिता कुमारी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे।
चयनित झारखंड टीम 2 से 4 अप्रैल तक छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में आयोजित प्रथम संस्करण खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति (ST) गेम्स–2026 के तहत मलखंब प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड की टीम 30 मार्च को अंबिकापुर (सरगुजा), छत्तीसगढ़ के लिए प्रस्थान करेगी।
इस संबंध में जानकारी झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के महासचिव अजय झा ने दी।
