रांची

रांची में ‘जोहारग्राम-मेड इन झारखंड’ शोरूम का शुभारंभ, ट्राइबल कपड़ों और उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

‘जोहारग्राम – मेड इन झारखंड’

Ranchi : राजधानी रांची के करमटोली चौक के पास रविवार को ‘जोहारग्राम – मेड इन झारखंड’ शोरूम का शुभारंभ किया गया। इस शोरूम का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फीता काटकर किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की आदिवासी कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे शोरूम खुलने से आदिवासी पहनावा और पारंपरिक उत्पादों के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ेगा।

एक ही जगह मिलेंगे ट्राइबल कपड़े और पारंपरिक सामान

इस शोरूम में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के लिए कई तरह के ट्राइबल कपड़े उपलब्ध होंगे। यहां आदिवासी साड़ियां, टी-शर्ट, बंडी के साथ-साथ कई पारंपरिक पहनावे मिलेंगे। इसके अलावा आदिवासी ज्वेलरी, खान-पान और अन्य पारंपरिक उत्पाद भी लोगों को एक ही जगह पर मिल सकेंगे। सरकार का मानना है कि इस तरह की पहल से स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी बड़ा मंच मिलेगा और उनके उत्पाद ज्यादा लोगों तक पहुंच पाएंगे।

आदिवासी संस्कृति को आगे बढ़ाने पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध आदिवासी संस्कृति से है। ऐसे में आदिवासी पहनावा, ज्वेलरी, व्यंजन और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘जोहारग्राम – मेड इन झारखंड’ जैसे शोरूम खुलने से स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ेगी और राज्य की संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।

शोरूम संचालक ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत

इस अवसर पर शोरूम के संचालक आशीष सत्यव्रत साहू ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनके प्रति आभार जताया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने भी इस पहल को सराहा और इसे झारखंड की संस्कृति को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *