खेलरांची

ओडीएम सफायर ग्लोबल स्कूल टीचर्स टीम की शानदार जीत, कैंब्रियन पब्लिक स्कूल को 110 रन से हराया



रांची, 14 मार्च :कैराली स्कूल द्वारा आयोजित द्रोणाचार्य क्रिकेट लीग टूर्नामेंट के अंतर्गत खेले गए मैच में ओडीएम सफायर ग्लोबल स्कूल, रांची की टीचर्स क्रिकेट टीम ने कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड को 110 रनों के बड़े अंतर से हराकर लीग में लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
टॉस जीतकर कैंब्रियन पब्लिक स्कूल ने पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ओडीएम सफायर ग्लोबल स्कूल टीचर्स क्रिकेट टीम ने 16 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 241 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
टीम की ओर से सौप्तिक दास ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 21 गेंदों में 81 रन बनाए। उनकी पारी में 1 चौका और 12 छक्के शामिल थे। इसके अलावा विशाल चौधरी ने 23 गेंदों में 46 रन (5 चौके, 3 छक्के), रहीम खान ने 36 रन, रवि पांडे ने 25 रन, अकरम रेजा ने 21 रन, शिवांग सिंह ने 13 रन और माणिक कुमार ने 11 रन का योगदान दिया।
कैंब्रियन पब्लिक स्कूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनूप पांडे ने 2 विकेट लिए, जबकि रंजीत, रुपेश, हरीश, रहीम और जातरू ने एक-एक विकेट हासिल किया।
241 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैंब्रियन पब्लिक स्कूल की टीम निर्धारित 16 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी और 110 रनों से मैच हार गई। टीम की ओर से रुपेश ने 50 रन, जातरू ने 15 रन और सुबारू ने 13 रन बनाए।
ओडीएम सफायर ग्लोबल स्कूल की ओर से गेंदबाजी करते हुए सौप्तिक दास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं दिनेश कुमार ठाकुर ने 21 रन देकर 3 विकेट और माणिक कुमार ने 27 रन देकर 2 विकेट झटके।
बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन (81 रन और 4 विकेट) के लिए सौप्तिक दास को कैराली स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस जीत पर स्कूल के प्रिंसिपल मन्नू कपूर, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर नेहा दास, एकेडमिक कोऑर्डिनेटर रिचा मैम, कोच मनोज कुमार सिंह और टीम मैनेजर सुमित शर्मा सहित अन्य लोगों ने टीम को बधाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *