ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस सख्त : रांची में बाइक रैली और नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया जागरूक

Ranchi : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए रविवार को रांची ट्रैफिक पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। लोगों से कहा गया कि बाइक चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें और कार चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं। साथ ही ट्रिपल राइडिंग से बचने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने और तेज व लापरवाही से गाड़ी नहीं चलाने की हिदायत दी गई।
जागरूकता कार्यक्रम के तहत बिरसा चौक से अरगोड़ा चौक होते हुए फिरायालाल चौक तक मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। रैली में ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी और जवान शामिल हुए। रास्ते में लोगों को सड़क सुरक्षा के बारे में बताया गया और नियमों का पालन करने की अपील की गई।

अभियान के दौरान कई जगहों पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। कलाकारों ने नाटक के माध्यम से बताया कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी किस तरह गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। लोगों को यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी लापरवाही किसी की जान ले सकती है, इसलिए नियमों का पालन करना जरूरी है।

इस मौके पर रांची नगर क्षेत्र के कई पुलिस उपाधीक्षक, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, शहरी थाना प्रभारी, ट्रैफिक थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

