सिदो-कान्हु स्टेडियम में फुटबॉल खिलाड़ियों का चयन ट्रायल, 600 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

साहेबगंज: All Jharkhand Birsa Munda Residential Sports Academy द्वारा बालक फुटबॉल अंडर-13, अंडर-16 और अंडर-18 वर्ग के होनहार खिलाड़ियों के लिए पहली बार दो दिवसीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। यह ट्रायल Sido Kanhu Stadium में आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न जिलों और राज्यों से आए 600 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस चयन प्रक्रिया में झारखंड के साहेबगंज, दुमका, देवघर, पाकुड़, गोड्डा, जामताड़ा और पश्चिम सिंहभूम सहित अन्य जिलों के अलावा बिहार के भागलपुर, ओडिशा के मयूरभंज तथा पश्चिम बंगाल से भी खिलाड़ी शामिल हुए। खासकर संथाल परगना क्षेत्र के आदिवासी खिलाड़ियों में फुटबॉल को लेकर जबरदस्त उत्साह और जुनून देखने को मिला।
चयन ट्रायल में बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स अकादमी के प्रशिक्षक आशीष बोस, बिट्टू उरांव, दीपक महतो और पिंटू महतो ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया। वहीं साहेबगंज जिला से समन्वयक अनिल टुडू और लाल टुडू का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय के खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, प्रशिक्षक योगेश यादव, अशोक साहनी, पूर्व फुटबॉलर अनिल रजक तथा District Olympic Association Sahibganj के सचिव माधव चंद्र घोष समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान जिला खेल कार्यालय की ओर से साहेबगंज अनुमंडल खेल बैंक द्वारा खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। आयोजकों ने बताया कि इस चयन प्रक्रिया का उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच देना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
