रामनवमी पर इस बार झांकियों वाले वाहनों का एमवीआई से सत्यापन जरूरी
हजारीबाग, 19 फ़रवरी । रामनवमी पर्व की प्रारंभिक प्रशासनिक तैयारियों के मद्देनजर गुरुवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पूर्व में आयोजित रामनवमी समारोहों से प्राप्त अनुभवों के आधार पर जरूरी तैयारियों को समय पर पूरा करने पर चर्चा की गई।
मौके पर उपायुक्त ने कहा कि हजारीबाग की रामनवमी देशभर में अपनी भव्यता के लिए विख्यात है और इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्व को पारंपरिक स्वरूप में ही मनाया जाए। भड़काऊ और उद्वेलित करने वाले गीतों एवं के उपयोग से पर्व की गरिमा प्रभावित होती है, इसलिए पारंपरिक ताशा पार्टी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।
उपायुक्त ने इस वर्ष रामनवमी को नशामुक्त और पारंपरिक स्वरूप में मनाने के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर जुलूस मार्गों पर बैरिकेटिंग, सीसीटीवी लगाने, ड्रॉप गेट की व्यवस्था, मेडिकल सेंटर, विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और सूखे पेड़ों की कटाई, उत्पाद विभाग को अवैध रूप मद्यशालाओं के संचालन पर प्रभावी कार्रवाई करने एवं नशे के विरुद्ध व्यापक सघन जांच अभियान चलाने जैसे जरूरी कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि इस रामनवमी में जुलूस के दौरान झांकियों के प्रयोग में लाये जाने वाले वाहनों के क्रियाशीलता का एमवीआई के माध्यम से सत्यापन कराना जरूरी होगा।
